जिले में विधानसभा का चुनाव सात मार्च को होना है। इसको सकुशल कराने को लेकर जिला प्रशासन जुटा है। निर्वाचन कार्य में सहयोग नहीं करने पर स्कूल प्रबंधकों और वाहन स्वामियों के विरुद्ध परिवहन विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके लिए पहले से ही सख्त निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ ही अर्धसैनिक बल के जवानों को भी तैनात किया जाएगा। साथ ही मतदान के दौरान कार्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक मतदान बूथ पर पोलिग पार्टियों को भी लगाया जाएगा। एक ओर जहां पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने तो दूसरी ओर पुलिस प्रशासन को गश्त व अन्य कार्यों के लिए भी वाहन की जरूरत होती है। परिवहन विभाग की ओर से इसके लिए निजी हल्के व भारी वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। विभाग में पंजीकृत पांच से अधिक सीट वाले हल्के वाहनों के साथ ही बस व अन्य भारी वाहनों समेत करीब तीन हजार से अधिक वाहनों को नोटिस भेजकर अधिग्रहित करने की प्रक्रिया चल रही है। एआरटीओ सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि अधिग्रहण के बाद भी बहुत से वाहन स्वामी लापरवाही बरतते हुए वाहन उपलब्ध नहीं कराते है। अब ऐसे में समय से प्रशासन को वाहन उपलब्ध न कराने वाले वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग की ओर से कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।