आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण के तहत सभी प्राथमिक विद्यालय में इस बरसात के मौसम में फलदार पौधे रोपित किए जाने की योजना बेसिक शिक्षा विभाग ने बनाई। इस बाबत शिक्षा निदेशक बेसिक ने बीएसए को पत्र भेज कर सभी प्रावि में विद्यालय वाटिका स्थापित करने और उसमें पांच-पांच फलदार पौधे रोपित कराये जाने का निर्देश दिया है।
पौधरोपण के लिए पौधे वन विभाग के माध्यम से प्राप्त होगा। इसके लिए बीएसए सभी विद्यालयों में रोपित किए जाने वाले पौधों की संख्या व प्रजाति का आंकलन करने में जुट गए हैं ताकि वन विभाग से संबंधित पौधा प्राप्त किया जा सके। प्रभारी बीएसए अमरनाथ राय ने बताया कि शिक्षा निदेशक का पत्र मिल चुका है, उसके आधार पर कवायद भी शुरू करा दी गई है। सभी विद्यालयों को जगह के अनुरूप आंकलन कर सूचना मांगी गई है। विद्यालय वाटिका के रूप में मुख्य रूप से नीबू, सहजन के पांच-पांच पौधे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। इसके अलावा अमरूद, आम, पपीता, अनार, करौंदा, बेल, कटहल, आंवला व नीम के पौधे भी लगाए जाएंगे। प्रत्येक शिक्षकों को एक-एक पौधा खरीदकर अपने आवासों पर भी लगाएंगे।