सरायमीर। थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर स्थित लखनऊ-बलिया मुख्य मार्ग पर क्रय केंद्र के सामने सोमवार को सुबह ओवरटेक के चक्कर में एक स्कूली बस डीसीएम से टकरा गई। इस घटना में बस चालक और इसमें सवार छह छात्र घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में डीसीएम चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
रानी की सराय के चेकपोस्ट स्थित एक निजी विद्यालय की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। पवई लाडपुर के पास बस चालक एक गाड़ी को ओवरटेक करने लगा। तभी सामने से आ रहे डीसीएम से टकरा गई। इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस सवार बच्चों और बस चालक को अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के बाद चिकित्सक ने बच्चों को रेफर कर दिया। परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले गए। इस घटना में रानी की सराय थाना क्षेत्र के खुद्दी का पुरा गांव निवासी बस चालक सुजीत के साथ ही आसिफ पुत्र राशिद कक्षा 12 ग्राम खासडीह, सुबहान कक्षा 11 ग्राम डेमरी मखदूमपुर, अयान कक्षा 6 ग्राम नोनारी, उस्मान कक्षा 4 ग्राम बखरा, छात्रा रुबा कक्षा 9 ग्राम बखरा और साजिम कक्षा 9 ग्राम सहिजना घायल हो गए। इनमें सहिजना गांव निवासी छात्र साजिम की हालत गंभीर है। परिजन उसे शाहगंज निजी अस्पताल ले गए हैं।
एप पर फेल दिखा स्कूली वाहन का फिटनेस
आजमगढ़। शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा अनफिट वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने नोटिस जारी किया गया। इसके बाद भी जिले में अब तक बिना फिटनेस के स्कूली वाहन दौड़ रहे हैं। सोमवार की सुबह हुई दुर्घटना के बाद जब स्कूली वाहन का परिवहन विभाग के पोर्टल एम परिवहन एप पर फिटेनस जांच की गई तो वह फेल मिला।
इस घटना में छह से सात बच्चों को चोटें आई हैं। एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। - चिराग जैन, एएसपी ग्रामीण।