सरायमीर। इन दिनों विद्युत उपकेंद्र सरायमीर के उपभोक्ता लो वोल्टेज के चलते काफी परेशान हैं। इसके अलावा बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। सही बिजली न मिलने से लोग रतजगा करने को मजबूर हैं। किसी भी समय लोगों का गुस्सा बिजली विभाग पर फूट सकता है। 132 उपकेंद्र रानी की सराय से सरायमीर उपकेंद्र को विद्युत आपूर्ति होती है। उपकेंद्र से जैसे ही टाउन एक, टाउन दो, बस्ती, हसनपुर व कोरौली फीडर की आपूर्ति शुरू की जाती है, वैसे ही ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या शुरू हो जाती है। उपभोक्ता हमेशा हलकान रहते हैं, लो वोल्टेज के चलते अक्सर 33 हजार की लाइन में भी फाल्ट हो जाता है। जिससे आपूर्ति बाधित हो जाती है। उसे ठीक कराने में कई- कई घंटे लग जाते हैं। लो वोल्टेज को कंट्रोल करने के लिए कुछ फीडर की लाइन को बंद करना पड़ता है। लो वोल्टेज का असर ट्रांसफॉर्मरों पर भी पड़ रहा है। सही बिजली न मिलने से लोगों को जागकर रात गुजारनी पड़ रही है। क्षेत्र के रहने वाले राकेश राय, वसीम अहमद उर्फ पप्पू पेजर, मोहम्मद असलम, मोहम्मद शाहिद आदि ने बताया कि लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या के समाधान के लिए सरायमीर की लाइन को फूलपुर से हटाकर रानी की सराय से जोड़ा गया था लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
पहले फूलपुर से बिजली आती थी लेकिन अब 132 केवी उपकेंद्र रानी की सराय से आ रही है। दूरी अधिक होने से फाल्ट भी ज्यादा हो रहा है। इसके अलावा 11 हजार की जगह आठ हजार वोल्ट ही लाइन आ रही है। लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही यह समस्या दूर होगी।
- शिवानंद सिंह, एसडीओ सरायमीर।