बैडमिंटन चैंपियनशिप के समापन पर पुरस्कार के साथ विजयी प्रतिभागी। संवाद
जिला बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित चार दिवसीय योनेक्स सनराइज सब-जूनियर उत्तर प्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का रविवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में समापन हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और उपहार प्रदान किए।
चैंपियनशिप के फाइनल में बालिका एकल वर्ग में लखनऊ की सानवी कुमार ने अलीगढ़ की मेघा सिंह को हराया। बालक एकल वर्ग में आगरा के राबिन सिंह ने गाजियाबाद के समर्थ अग्रवाल को पराजित किया। बालिका युगल वर्ग में आगरा की आभ्या दीक्षित और मेरठ की आर्यना चौधरी ने मेरठ की अन्वी प्रधान और प्रयागराज की यशिता धीमरी को हराया। बालक युगल वर्ग में सहारनपुर के अभिनव चौधरी और गाजियाबाद के समर्थ अग्रवाल की जोड़ी ने गोरखपुर के आयुष कुमार और मेरठ के वेदांश की जोड़ी को मात दी।
मुख्य अतिथि ने आयोजन सचिव प्रज्ञा राय के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की। जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. डीपी राय ने इसे आजमगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जनपद को प्रदेश के खेल मानचित्र पर नई पहचान मिली है। यह आयोजन आजमगढ़ में बैडमिंटन के उज्ज्वल भविष्य का शुभारंभ है।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, आलोक जायसवाल, पुनीत राय, प्रवीण राय, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अलका सिंह, सभासद पुनीत राय, रोटरी क्लब के अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, श्रेय, डॉ. भक्त वत्सल आदि उपस्थित थे।