नगर पंचायत निजामाबाद में सेनेटाइजशन का चल रहा कार्य।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। दो दिवसीय लॉकडाउन के दौरान शासन ने सभी नगर निकायों को अपने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई व बाजारों को सैनिटाइज कराने का निर्देश दिया हुआ है। जिसके क्रम में रविवार को लॉकडाउन के दूसरे दिन भी नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चला कर साफ-सफाई कराने के साथ ही सैनिटाइजेशन कराया गया।
नगर पालिका परिषद आजमगढ़ द्वारा रविवार को भी दो टैंकरों व 10 हैंड मशीन के माध्यम से शहर के बाजरों व गलियों व कंटेनमेंट जोन क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। ईओ शुभनाथ प्रसाद के नेतृत्व में एसआई महेंद्र यादव व केके यादव द्वारा टीम को लेकर पूरे शहर में साफ-सफाई के साथ ही सैनिटाइजेशन की कवायद करवाई गई। ईओ ने बताया कि प्रयास है कि नगर के सभी प्रमुख बाजारों व भीड़ भाड़ वाले इलाकों का प्रतिदिन सैनिटाइजेशन कराया जाए। अतरौलिया संवाददाता के अनुसार नगर पंचायत प्रशासन ने कस्बे में कोरोना व डायरिया के संक्रमण को देखते हुए रविवार को ब्लीचिंग का जगह-जगह छिड़काव करवाने के साथ ही सैनिटाइजेशन का कार्य भी करवाया। वहीं जाम नालियों की सफाई करा कर जल निकासी व्यवस्था को भी दुरूस्त किया गया। नगर क्षेत्र में वर्तमान में कोविड के कुल 29 सक्रिय केस है और चार कंटेनमेंट जोन बने हुए है। ईओ संपूर्णानंद तिवारी ने बताया कि नगर पंचायत शुद्ध पेयजल आपूर्ति की जा रही है यदि कहीं कमियां है तो उसे तत्काल दुरूस्त कराया जा रहा है। कहीं कोई समस्या है तो अवगत कराए तत्काल निराकरण कराया जाएगा। निजामाबाद संवाददाता के अनुसार स्थानीय कस्बा व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों मे भी नगर पंचायत द्वारा रविवार को व्यापक स्तर पर साफ सफाइ के साथ ही सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। बीते दस दिनों से प्रतिदिन एक दो कोविड मरीजों की मौत हो रही है। जिससे कस्बे में हड़कंप की स्थिति है। नगर पंचायत की टीम द्वारा कस्बे के सभी प्रमुख बाजारो,चौराहो व तिराहों का सैनिटाइजेशन किया। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अपील भी की गई कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करे। घरों से निकले तो मास्क का प्रयोग अवश्य करें।