आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। कक्षा 12 (उत्तर मध्यमा द्वितीय) में आजमगढ़ अपना स्थान तो नहीं बना सका। कक्षा 10 (पूर्व मध्यमा द्वितीय) में आजमगढ़ के समर्थ ने 93.14 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है। वहीं प्रदेश स्तर पर जारी टॉपटेन की सूची में जिले के 38 विद्यालयों में से एक ही स्कूल के चार छात्रों ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में स्थान बनाया है। एक ही स्कूल के चार छात्रों ने दूसरा, चौथा, 5वां व 9वां स्थान प्राप्त किया। चारों विद्यार्थियों ने संस्कृत शिक्षा में अपनी उत्कृष्टता से जिले का नाम रोशन किया।
संस्कृत बोर्ड की ओर से आयोजित बोर्ड परीक्षा में इस बार पूर्व मध्यमा द्वितीय 1153 उत्तर मध्यमा प्रथम में 723 उत्तर मध्यमा द्वितीय में 405 छात्र-छात्रा पंजीकृत थे। उक्त परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार उत्तर मध्यमा द्वितीय में जिले से कोई छात्र टॉप तो नहीं किया, लेकिन पूर्व मध्यमा द्वितीय कक्षा-10 में टॉप किया है। श्री राजकुमार संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्रह्मपुर के छात्र समर्थ 93.14 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान, छात्र नितिन सिंह 92.14 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा, छात्र राघवेंद्र यादव ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 5वां स्थान और छात्र सौरभ सिंह 9वां स्थान प्राप्त किया।
उत्तर मध्यमा द्वितीय में शिवाकांत ने किया जिला टॉप
उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड की पूर्व मध्यमा द्वितीय (10वीं), उत्तर मध्यमा प्रथम (11वीं) व उत्तर मध्यमा द्वितीय (12वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार जिला स्तर पर जारी उत्तर मध्यमा द्वितीय (12वीं) के परिणाम सूची में शिवाकांत पांडेय ने जिला टॉप किया। वहीं प्रीति पटेल दूसरे व अदिति यादव तीसरे स्थान पर रही।
डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि श्री महारथी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिवारी पट्टी कठिहारी 74.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम, श्री भुवाल स्मारक संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाघरा लाटघाट की छात्रा प्रीति पटेल ने 72.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा, श्री भुवाल स्मार संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाघरा लाटघाट की छात्रा अदिति यादव ने 72 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा, श्री परमानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्रम्हस्थान की छात्रा खुशी मौर्या ने 71.91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चाैथा स्थान, श्री मुरात संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाघरा लाटघाट की छात्रा संजू पटेल 71.58 प्रतिशत अंक प्राप्त पांचवां स्थान, श्री धर्म संघ गिरीश संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जिन्दोपुर ठेकमा के छात्र हर्ष पांडेय 70.91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छठवां स्थान प्राप्त किया। श्री भवानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुनर्जी जहानागंज की छात्रा शाम्भवी पांडेय 70.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सातवां, दीपशिखा सरोज ने 70.35 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आठवां स्थान प्राप्त किया। वहीं, श्री भुवानंद स्मारक संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाघरा लाटघाट के छात्र गिरिजेश ने 69.41 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नौवां और श्री भवानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुनर्जी जहानागंज की छात्रा सहाना बानो ने 10वां स्थान प्राप्त किया। डीआईओएस ने सभी छात्र-छात्राओं को ढेरों बधाई व शुभकामनाएं दी।