आजमगढ़। उत्तर प्रदेश खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 15 से 24 तक डीएवी इंटर काॅलेज के रैदोपुर मैदान में आयोजित हो रहा है। इसमें शनिवार की शाम बोल्ड एकेडमी के बच्चों ने श्री गणेशा देवा गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए डीपीआरओ पवन कुमार ने शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्टॉल का निरीक्षण कर गांधी संग्रहालय में चर्खे पर सूत काटा। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टाल के दुकानों से शनिवार तक 16.50 लाख रुपये की बिक्री की गई। इसमें सबसे अधिक ऊनी वस्त्रों की बिक्री हुई। प्रदर्शनी में प्रतापगढ़ के अचार, मुरब्बे, कश्मीर की पश्मीना शाल, कानपुर के चमड़े के जूते, मुबारकपुर की साड़ी, बिकानेर राजस्थान की नमकीन आकर्षण के केंद्र रहे। परिक्षेत्रीय जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि प्रदर्शनी में अधिक से अधिक लोग आएं खादी ग्रामोद्योग की वस्तुओं की खरीदारी करें। जिससे स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा दिया जा सके और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार मिल सके।