आजमगढ़। पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही सरगर्मी बढ़ने लगी है। जिले में दूसरे चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। इस बीच पंचायत चुनाव में भागीदारी के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। बिक्री के दूसरे दिन रविवार को पंचायत चुनाव में भागीदारी के इच्छुक कुल 903 लोगों ने नामांकन पत्रों की खरीद की। सबसे अधिक नामांकन पत्र ग्राम प्रधान पद के खरीदे गए।
पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान पद के 1858, जिला पंचायत सदस्य पद के 84, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2104 और ग्राम पंचायत सदस्य के 22,820 पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। शनिवार से सभी विकास खंडों के साथ ही जिला पंचायत कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य शुरू हो चुका है। पहले दिन शनिवार को जहां कुल 451 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी, वहीं रविवार को दूसरे दिन कुल 903 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इस दौरान ग्राम प्रधान पद के 594, जिला पंचायत सदस्य के 20, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 243 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 46 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। ब्लाकवार नामांकन पत्रों की बिक्री का आंकड़ा देखें तो रानी की सराय विकास खंड में बीडीसी के 17, ग्राम प्रधान के 26 और ग्राम पंचायत सदस्य के एक, सठियांव में बीडीसी के 14, ग्राम प्रधान के 27 और ग्राम पंचायत सदस्य के सात, मिर्जापुर में बीडीसी के छह, प्रधान के 12, तहबरपुर में बीडीसी के 18, प्रधान के 35, पल्हनी में बीडीसी के नौ, प्रधान के 26 और ग्राम पंचायत सदस्य के तीन, मुहम्मदपुर में बीडीसी के 20, प्रधान के 50, ग्राम पंचायत सदस्य के आठ, जहानागंज में बीडीसी के सात, प्रधान के 21, बिलरियागंज में बीडीसी के छह, ग्राम प्रधान के 23 और ग्राम पंचायत सदस्य के एक पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसी तरह से अजमतगढ़ में बीडीसी के पांच, प्रधान के 18 और ग्राम पंचायत सदस्य के सात, महराजगंज में बीडीसी के 11, प्रधान के 20, फूलपुर में बीडीसी के सात व ग्राम प्रधान के 27, पवई में बीडीसी के 13 व प्रधान के 41, मार्टीनगंज में बीडीसी के सात, प्रधान के 18 व ग्राम पंचायत सदस्य के दो, पल्हना के बीडीसी के एक और प्रधान के तीन, हरैया में बीडीसी के दो, प्रधान के 19, अहरौला में बीडीसी के 45, ग्राम प्रधान के 75 और ग्राम पंचायत सदस्य के 13, अतरौलिया में बीडीसी के 14, ग्राम प्रधान के 49 व ग्राम पंचायत सदस्य के चार, मेंहनगर में बीडीसी के 20, ग्राम प्रधान के 46, ठेकमा विकास खंड में बीडीसी के 21 और ग्राम प्रधान के 58 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।