आजमगढ़। रोडवेज के सामने राधा-कृष्ण मंदिर की आड़ में बिना ले आउट और बिना कार्य योजना नगर पालिका की ओर से दुकान बनाने के कार्य पर रोक लगने के साथ ही परिवहन निगम भी मैदान में उतर आया है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी ने कमिश्नर के पत्र लिखकर ये कहते हुए जमीन पर अपना दावा ठोका है कि वर्ष 1951-52 में ही ये भूमि परिवहन निगम को आवंटित हुई थी। वर्तमान में चल रहे निर्माण पर रोक आवश्यक है अन्यथा रोडवेज को भारी क्षति होगी।
रोडवेज के सामने मंदिर के पास अवैध रूप से दुकान बनाने में अभी तक पालिका बिना लेआउट और बिना कार्ययोजना निर्माण के मामले में ही घिरी थी पर अब रोडवेज ने उस जमीन पर दावा कर दिया। जमीन भी अपनी नहीं होने पर वहां निर्माण कैसे हो रहा था इसके बारे में कोई जवाब देने को तैयार नहीं है। पालिका द्वारा पांच दुकानों के निर्माण के बारे में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी ने कमिश्नर को पत्र भेजा है। कहा कि आजमगढ़ रोडवेज बस स्टेशन के सामने दक्षिण तरफ परिवहन निगम के आवास, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, अधिकारी विश्राम गृह, सीमेंट गोदाम आदि 60-70 वर्षों से निर्मित है। उक्त भूमि मौजा मड़या जयराम, परगना निजामाबाद, तहसील सदर की आराजी संख्या 373 रकबा 0.795, 374 रकबा 0.220, 375 रकबा 0.085 है। तीनों गाटे का कुल क्षेत्रफल 1.10 एकड़ है। इसे यूपी गवर्नमेंट रोडवेज के यात्री शेड, शॉप, पेट्रोल पंप आदि के लिए ट्रांसपोर्ट कमिश्नर उत्तर प्रदेश एवं जिला जज आजमगढ़ की सहमति से वर्ष 1951-52 में उप्र गवर्नमेंट रोडवेज (वर्तमान में उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम आजमगढ़) को आवंटित की गई थी। उसी समय से इस पर रोडवेज का कब्जा है। रोडवेज भवन एवं चहारदीवारी का निर्माण रोडवेज तिराहे तक हुआ था। उक्त जमीन पर सीमेंट गोदाम के दक्षिण तरफ नगर पालिका आजमगढ़ दुकानों का निर्माण करा रहा है। इसे रोकने के लिए कमिश्नर से मांग उठाई गई है।
नगरपालिका की ओर से जिस जमीन को अपना बताते हुए रोजवेज पर दुकान का निर्माण कराया जा रहा है वह परिवहन निगम की है। जमीन को गजट कर परिवहन निगम को 125 रुपये सालाना दर पर आवंटित किया गया था। ये भूमि एआरएम आफिस से मंदिर तक है। इसके बाद भी पालिका की ओर से इस पर निर्माण कराया जा रहा है। इसकी शिकायत कमिश्नर से की गई है। निर्माण रुकवाने की मांग की गई है।
- ललित श्रीवास्तव, एआरएम
जाम की समस्या पर किसी का ध्यान नहीं
आजमगढ़। आजमगढ़ जनपद का रोडवेज एकदम शहर में है। जिस स्थान पर पालिका की ओर से दुकान बनाया जा रहा है रोडवेज के कारण वो हमेशा भयंकर जाम की चपेट में रहता है। इसको लेकर स्थानीय लोगों की ओर से भी आवाज उठाई जाती है। पूर्व डीएम सुहास एलवाई उक्त स्थान तो तिराहे का स्वरूप देना चाहते थे। ताकि रोडवेज के वाहन आसानी से निकल सकें और जाम से निजात मिल सके। उक्त भूमि पर लोगों के निकलने के लिए रास्ता भी बना हुआ था। यहां इंटरलाकिंग भी लगाई गई थी। अब उसी पर अवैध रूप से दुकान का निर्माण कराया जा रहा है।
शहर के रोडवेज क्षेत्र में सड़क पर हो रहा दुकानों को निर्माण।- फोटो : AZAMGARH