नगर के सुंदरीकरण की राह में रोड़ा अटकाने वालों का आशियाना गुरुवार हो प्रशासन ने ढहा दिया। एसडीएम सदर एके सिंह की अगुवाई में टीम ने नगर के रोडवेज और शारदा तिराहे के आस-पास अवैध अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान टीम और अतिक्रमणकारियों के बीच कहासुनी भी हुई।
गुरुवार को जैसे ही रोडवेज क्षेत्र के पश्चिमी हिस्से से अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी बुलडोजर के साथ पहुंचे लोगों में खलबली मच गई। लोग अतिक्रमित क्षेत्र से खुद ही अपने सामानों को हटाते हुए देखे गए। प्रशासन द्वारा समय देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण को हटाया गया।
इसके बाद प्रशासन का कारवां शारदा तिराहे पर पहुंचा।
जहां कुछ दिन पूर्व अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को लोगों के विरोध के कारण वापस लौटना पड़ा था। लेकिन प्रशासन ने यहां से भी अतिक्रमण को हटा दिया। एसडीएम सदर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। नगर के सुंदरीकरण की राह में जो भी अतिक्रमण सामने आएगा उसे ढ़हा दिया जाएगा।
बताया कि अब जल्दी ही नरौली क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया जाएगा। कहा कि प्रशासन नगर में अतिक्रमण पर सख्त है।