सगड़ी तहसील के पास सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
बलरामपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार की रात व बुधवार को दिन में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया तो वहीं मृतकों के शवों को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार के पास मंगलवार की रात साढ़े दस बजे चार पहिया वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार 40 वर्षीय अमित पुत्र लालचंद निवासी टेघना थाना घोसी जिला मऊ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 30 वर्षीय अनिल पुत्र अज्ञात गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतक दो पुत्रों का पिता था। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सिधारी थाना क्षेत्र के जमालपुर बेलनाडीह गांव के पास मंगलवार की रात आठ बजे आटो से उतर कर पैदल चंडेश्वर जा रहे मौसेरे भाई बहन 45 वर्षीया बालिका पत्नी सुरेश निवासी बिलारी लखनपुर थाना कप्तानगंज व 30 वर्षीया गनेश पुत्र कल्पू निवासी चंडेश्वर सिधारी को चार पहिया वाहन ने धक्का मार दिया। इस हादसे में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गनेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका तीन पुत्रों की मां थी। कप्तानगंज कस्बा में मंगलवार की देर रात एक बजे चार पहिया की चपेट में आकर बाइक सवार 25 वर्षीय अभयपाल सिंह पुत्र अशोक निवासी भटगांव थाना जहानागंज की मौके पर ही मौत हो गई। इसीक्रम में मेंहनगर थाने के पास मंगलवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर सब्जी लेकर घर लौट रहे साइकिल सवार 60 वर्षीय दलसिंगार पुत्र मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक खुटवा चक खुटवा गांव के निवासी थे व दो पुत्र व दो पुत्रियों के पिता थे। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मऊ जिले के मोहम्म्दाबाद कोतवाली अंतर्गत शमसाबाद गांव के 11 लोग बुधवार की सुबह एक आटो में सवार होकर मुबारकपुर क्षेत्र में किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। दोपहर लगभग तीन बजे वापस लौटते समय अमिलो के पास आटो कुत्ता को बचाने के चक्कर में पलट गया। जिससे उसमें सवार 40 वर्षीय मंगई लाल पुत्र गनेश, 60 वर्षीया तिगिया पत्नी लौटू, 40 वर्षीया हरेंद्र पुत्र छेदू, 40 वर्षीया रामसरीख पुत्र सुखनंदन, 40 वर्षीया इनरमी पत्नी अर्जून व 40 वर्षीया सरोज पत्नी रामजी घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। आटो में सवार अन्य लोगों को मामूली चोट आई है। मेंहनगर थाने के पास बुधवार को दिन में 11 बजे थाने के पास ही चार पहिया की चपेट में आकर बाइक सवार 30 वर्षीय आशीष पुत्र श्रीराम व 22 वर्षीय, कमलेश पुत्र प्रहलाद निवासी मुस्तफाबाद थाना मेंहनगर गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।