आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन हरखोरी (लड़ीहा) गांव में सोमवार की रात नाली के विवाद में पटीदारों ने रिटायर्ड सिपाही की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जमीन हरखोरी गांव के पुरवा लड़िया निवासी पूर्व पुलिसकर्मी नरसिंह यादव (65) सुबह घर के सामने नाली की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पटीदार बलजीत यादव से उनकी कहासुनी हो गई। उस समय लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। रात 9:30 बजे बालजीत ने अपने बेटों के साथ मिलकर नरसिंह यादव को लाठी से पीटकर घायल कर दिया। परिजन घायल नरसिंह को लेकर एक निजी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान नरसिंह की मौत हो गई। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि नाली के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है।
, ।