लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली पुलिस के हाथ उस समय बड़ी सफलता हाल लग गई जब एक पिकअप पर लाद कर ले जाया जा रहा 10 कुंतल प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया। हालांकि चालक व मांस कारोबारी मौके से भागने में सफल रहे।
देवगांव कोतवाली पर तैनात एसआई विजय प्रकाश मौर्य हमराहियों के साथ ज्यूली नहर के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ की तरफ से एक पिकअप आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम के चेकिंग देख कर चालक ने कुछ दूर पहले ही वाहन रोक दिया और चालक व मांस कारोबारी वाहन से उतर कर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पिकअप की तलाशी लिया तो उसमें 10 कुंतल मांस बरामद हुआ। डॉक्टर को बुला कर पुलिस ने मांस का नमूना जांच के लिए भेजा और बाकी मांस को जेसीबी से गड्ढा करवा कर उसमें दफन करा दिया। एसआई ने मांस की इस बरामदगी के मामले में शाहिद पुत्र मो. माजिद निवासी बजरडीहा जिला वाराणसी, पिकअप मालिक व चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। फरार चालक व मांस कारोबारी की तलाश में दबिश भी दी जा रही है। वहीं पिकअप को सीज कर दिया गया है।