ब्लॉक सभागार में बुधवार को खंड विकास अधिकारी श्वेतांक सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ साप्ताहिक बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़े मामलों का निस्तारण समय से करने का निर्देश दिया। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी का निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कराने को कहा। कहा कि अधिकारी ग्राम प्रधानों के सहयोग से पोखरों में जलसंचयन कराएं। गो-आश्रय स्थल को ग्राम पंचायतों से जाने वाले धनराशि तत्काल प्रभाव से भेजना सुनिश्चित करें। मनरेगा कार्याें के सत्यापन के साथ राज्य वित्त योजना का 99 प्रतिशत कार्य पूरा कराएं। इसके अलावा अमृत सरोवरों की पड़ताल करें। स्वच्छ भारत अभियान के दौरान गांवों में स्थित सड़क, पटरी और चकमार्गों पर बिखरे प्लास्टिक एकत्रित कराएं। प्रभारी एडीओ पंचायत को ग्राम पंचायत अधिकारियों के माध्यम से डोर-टू-डोर सफाई अभियान चलाने को कहा, साथ ही स्वयं स्थलीय निरीक्षण कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कार्यो की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा। कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बैठक में एपीओ राहुल पाठक, एडीओ पंचायत हरिनंद यादव, सचिव रितेश सिंह, अनिल कुमार आदि कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद