आजमगढ़। दैनिक अनुश्रवण प्रणाली की अब विश्वसनीयता परखी जाएगी। विद्यालयों का औचक निरीक्षण होगा। कंप्यूटर पर दी गई जानकारी और हकीकत में अगर अंतर मिला तो न केवल प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई होगी बल्कि परिवर्तन लागत और खाद्यान्न की वसूली भी की जाएगी। प्रभावी अनुश्रवण को जनपदीय व ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की वाहन सुविधा के लिए 95.4 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए हैं।
समग्र शिक्षा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों व योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण के लिए जनपदीय व ब्लाक स्तरीय अधिकारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2022-23 में वाहन सुविधा के लिए धनराशि अवमुक्त की गई है। इसके तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को एक चार पहिया वाहन, खंड विकास अधिकारी, जिला समन्वयकों व सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी को एक-एक चार पहिया वाहन दिए गए हैं। जिसमें ईंधन, ड्राइवर, मेंटीनेंस आदि के लिए 31 मार्च 2023 तक के लिए अनुमति प्रदान की गई है। जिसका भुगतान एफएमपी मैनुअल में निर्धारित नियमों के अनुसार हायरिंग ऑफ व्हीकल व पीओएल मद से किए जाने के साथ उक्त वाहन सेवा लिए जाने के लिए जेम संबंधित सभी शासनादेशों का अनुपालन करते हुए व्यय की गई धनराशि को प्रत्येक माह की पांच तारीख तक प्रबंध पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को 36 हजार प्रति माह, जिला समन्वयक व खंड शिक्षा अधिकारी को प्रति माह 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे। शासन से कुल 95.04 लाख रुपये जारी किए गए हैं।