माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित इंटर कॉलेजों में प्रवेश व पंजीकरण के नाम पर मनमानी रोकने के लिए सचिव की ओर से शैक्षिक सत्र 2023-24 में कक्षा नौ व 11 प्रवेश व पंजीकरण की समय सारिणी जारी की है। सारिणी के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण, चेक लिस्ट व जांच के साथ सुधार करते हुए नामावली जमा करने की तिथि निर्धारित की है। इस समय माध्यमिक स्कूलों में विद्यार्थियों का प्रवेश चल रहा है। प्रवेश व ऑनलाइन पंजीकरण के नाम पर मनमानी को रोकने के लिए सचिव दिव्यकांत ने अग्रिम पंजीकरण समय सारिणी जारी की है। जारी समय सारिणी के अनुसार कक्षा नौ व 11 में प्रवेश व ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि पांच अगस्त निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद 20 अगस्त तक सिर्फ कंपार्टमेंट या सन्निरीक्षा के माध्यम से उत्तीर्ण विद्यार्थियों का पंजीकरण करने ओर 25 अगस्त तक प्रवेश लेने की रियायत दी है। 26 अगस्त से पांच सितंबर तक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड विद्यार्थियों की चेकलिस्ट अपलोड कर प्रिंट लेने के बाद नाम, माता व पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय व फोटो का मिलान करने को कहा है। छह सितंबर से 20 सितंबर तक जांचोपरांत मिली कमियों का संशोधन का काम पूरा किया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 सितंबर तक कॉलेज को पंजीकृत विद्यार्थियों को फोटोयुक्त नामावली व शुल्क जमा की प्रति डीआईओएस कार्यालय में जमा करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि प्रवेश व ऑनलाइन पंजीकरण की निगरानी के लिए ब्लॉकवार नोडल अफसर नामित किए गए हैं।