आजमगढ़। शहर में भी शनिवार को एक व्यक्ति के लखनऊ से वापस लौटने पर कोरोना पॉजिटिव से मिल कर आने की अफवाह फैल गई। हालांकि बाद में स्वास्थ्य विभाग ने इसे कोरी अफवाह करार दिया।
शहर के शिब्ली पीजी कॉलेज के सामने स्थित गली में रहने वाले एक व्यक्ति पत्नी के साथ लखनऊ गए थे। वे वहां मुम्बई से कैंसर का इलाज करा कर प्लेन से आए अपने बहनोई को देखने गए थे। प्लेन से लौटने के बाद उक्त मरीज एक होटल में क्वारंटीन है और उसका सैंपल जांच के लिए गया था। जिसकी रिपोर्ट भी शनिवार को निगेटिव आ गई है। चर्चा इस बात की थी कि इसी मरीज से मिल कर लौटे दोनों व्यक्ति शहर में मौजूद है। इस बात के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. एके सिंह ने लखनऊ से लौटे व्यक्ति से संपर्क किया तो पता चला कि वे अपने बहनोई को लेने गए थे लेकिन सैंपल जांच के जाने के कारण उनसे मिलने का मौका नहीं मिला। डिप्टी सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि मरीज कैंसर पीड़ित है और मुंबई से इलाज करा कर लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचा है, जहां उसे होटल में क्वारंटीन करने के साथ ही सैंपल जांच में भेजा गया था। ऐसे में मिलने गए मरीज से उनकी मुलाकात नहीं हुई है।