आजमगढ़। रेलवे स्टेशन पर पार्किंग में वाहन खड़ा करने के नाम पर हो रही वसूली पर अंकुश लगाने के लिए रेट चार्ट लागू हो गया है। अमर उजाला ने पड़ताल कर वसूली की खबर को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और वसूली पर अंकुश लगाते हुए ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की। स्टैंड पर रेट चार्ट लगवाया ताकि स्टेशन पर पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर मनमानी पैसे न लिए जा सके।
स्टेशन पर वसूली को लेकर आए दिन विवाद होता थे। इस पर अमर उजाला ने पहुंचकर हकीकत की पड़ताल की। स्टैंड संचालक दो पहिया वाहन खड़ा करने का 20 रुपये वसूले जबकि चार्ज 10 रुपये है। इस मामले को अमर उजाला की टीम ने कैमरे में कैद किया और 26 सितंबर को पेज-2 पर ''रेलवे स्टेशन स्टैंड पर दो पहिया वाहनों का रेट 10, ले रहे 20 रुपये'' शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। इस मामले को रेलवे अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। ठेकेदार को चेतावनी देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। वाहन स्टैंड पर बोर्ड लगवाया गया है ताकि वाहन स्वामियों से अधिक पैसे न वसूले जा सके।
00
पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा जारी रेट चार्ट
समय - साइकिल - बाइक
0-6 घंटा - 05 रुपये - 10 रुपये
6-12 घंटा - 10 रुपये - 15 रुपये
12-22 घंटा - 15 रुपये - 20 रुपये
प्रतिदिन - 15 रुपये - 20 रुपये
मासिक प्रभार - 200 रुपये - 300 रुपये
हेलमेट चार्ज - पांच रुपये प्रतिदिन