अहरौला। घरेलू गैस की किल्लत के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिलिंडर बुकिंग के महज 7 घंटे के भीतर ही डिलीवरी दिखा दी गई। वहीं दूसरे मामले में उपभोक्ता को केवाईसी न होने की बात कहकर लौटा दिया गया लेकिन उसके घर पहुंचते ही डिलीवरी का मेसेज आ गया जबकि गैस मिली ही नहीं।
पूरादुबे गांव निवासी सुशीला देवी पत्नी जनार्दन पांडेय के नाम से माहुल इंडेन गैस का कनेक्शन है। जनार्दन पांडेय ने बताया कि केवाईसी अपडेट न होने से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही थी। परिजन शशांक पांडेय ने 23 मार्च की शाम केवाईसी अपडेट कर गैस की ऑनलाइन बुकिंग की। बुकिंग के लगभग 2 घंटे बाद डीएससी नंबर भी मेसेज के माध्यम से प्राप्त हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि बुकिंग के करीब 7 घंटे बाद रात 11 बजे ही सिलेंडर डिलीवरी का मेसेज भी आ गया। इसमें 985 रुपये भुगतान और डिलीवरी कर्मचारी का नाम भी दर्ज था। सुबह उपभोक्ता ने मेसेज देखा तो आश्चर्यचकित रह गया, क्योंकि उसे सिलिंडर मिला ही नहीं।
जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित डीएससी सुम्हाडीह इंडेन गैस एजेंसी से जुड़ी हुई है। उपभोक्ता द्वारा दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर एजेंसी की ओर से गैस उपलब्ध न होने की बात कही गई। ऐसे में सवाल उठता है कि बिना डिलीवरी के ही सिस्टम में सिलिंडर सप्लाई कैसे दिखा दी गई। इस तरह की समस्या अन्य उपभोक्ताओं के साथ भी सामने आ रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शशांक पांडेय ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई है।
दूसरा मामला फूलपुर इंडियन गैस एजेंसी से जुड़ा हुआ है। इसमें गहजी ग्राम निवासी रूपनारायण चौबे के नाम से फूलपुर गैस एजेंसी से कनेक्शन लिया गया था। कनेक्शन धारक के छोटे भाई दयाशंकर चौबे ने बताया कि गैस बुक करने के बाद 15 मार्च को डिलीवरी होनी थी। इसके डिलीवरी के लिए उपभोक्ता फूलपुर गैस एजेंसी पर पहुंचा, लेकिन केवाईसी न होने की बात कह कर उसे वापस कर दिया गया। घर पहुंचते पहुंचते बुकिंग किए हुए सिलिंडर की डिलीवरी का मेसेज उसके नंबर पर आया।
क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि अगर कहीं कोई समस्या होगी तो जांच कर दूर कर दी जाएगी। नेटवर्क के कारण भी इस तरह की दिक्कत आ रही है।