नगर के शिब्ली नेशनल पीजी कालेज के सभागार में आयोजित 15वें पुस्तक मेले का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन पहुंचे जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को 'जब पढ़ेगा तभी बढ़ेगा आजमगढ़' का नारा दिया और वहां मौजूद विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने तीन विद्यार्थियों में पुस्तकों का भी वितरण किया।
जिलाधिकारी ने मेले में पब्लिसर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स आगरा, उत्कर्ष पब्लिसर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स कानपुर, भारतीय ज्ञानपीठ दिल्ली, मेधा बुक्स दिल्ली, प्रतिश्रुति प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया दिल्ली, दारूल मुसैन्नेफीन शिब्ली एकेडमी द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया। पुस्तक मेले के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने विचार-विमर्श में 'इलेक्ट्रानिक एवं वेब मीडिया' पर अपने विचार प्रस्तुत किए और रचनात्मक कार्यशाला में लोकगीत-देश प्रेम की प्रस्तुति की। विचार-विमर्श को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कहा कि "जब आजमगढ़ पढ़ेगा तभी बढ़ेगा"। छात्र/छात्राओं ने उनके आईएएस बनने और सफलता पाने के बारे में पूछा। इस पर जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कहा कि अनुशासन, एकाग्रता, स्मार्ट वर्क और आत्मविश्वास से लक्ष्य को पाया जा सकता है।
पुस्तक वह माध्यम है जो किसी देश, समाज और इतिहास की बातों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर प्रेषित करती हैं। पुस्तकें को दोस्त समझें। उन्होंने युवाओं से कहा कि आप लोग स्वामी विवेकानंद की किताबें भी पढ़ा करें। आज युवा इंटरनेट, मोबाइल में ही लगे रहते हैं यह भी सही है कि इस आधुनिक तकनीक के साथ अपडेट रहना जरूरी है। पुस्तकें एकांत की सहचरी हैं। वे हमारी मित्र हैं जो बदले में हमसे कुछ नहीं चाहती। वे इस लोक का जीवन सुधारने और परलोक का जीवन संवारने की शिक्षा देती हैं। अध्ययन के बिना चिंतन परिष्कृत नहीं होता और चिंतन के बिना अध्ययन का मूल्य नहीं है।
अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि बाजार ज्ञान प्रवाह में बाधा खड़ी करने का प्रयास कर रहा है। आजमगढ़ पुस्तक मेला साहित्य प्रसार के माध्यम से नागरिक बोध जागृत करता है। इस मौके पर संयोजक राजीव रंजन, डा. राजाराम, डा. आरएन राय, बनवारी लाल जालान, राजीव पांडेय, फारुख इस्लाम, फखरुद्दीन, शिवचंद राम, डा. गयास असद खां, फरहत हन्नान, अजय सिंह, रामबदन यादव, अनिल चतुर्वेदी, केपी सिंह, डा. आलोक कुमार सिंह आदि उपस्थित थे। संचालन मरियम, अलीस्वा और आलिया ने किया। संयोजक राजीव रंजन ने बताया कि पिछली बार मेले में पांच लाख की बिक्री हुई थी। बताया कि मेले में पुरस्कृत किए गए बच्चों को हरियाणा घूमने का मौका मिलेगी।