सगड़ी। पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में फरार चल रहे संग्राम सिंह की दिलशादपुर गांव में पत्नी के नाम 26 बिस्वा जमीन है, जिसे 14 अप्रैल को गैंगेस्टर एक्ट के तहत तहसीलदार ने कुर्क कर लिया था और वहां कुर्की का बोर्ड भी लगवा दिया था। इस जमीन की जद में पनशब्दा गांव निवासी प्रमोद सिंह का ईंट भट्ठा भी आया था, जिसे भी बंद करा कर कुर्की का बोर्ड लगा था। जिस पर प्रमोद ने डीएम के समक्ष आपत्ति दाखिल किया। जिस पर शुक्रवार को पुन: पैमाइश करायी गई। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अलियाबाद कटाई गांव निवासी संग्राम सिंह पुत्र रामरंग सिंह पूर्व विधायक हत्याकांड में आरोपित है। वह कुख्यात कुंटू सिंह गैग का सक्रिय सदस्य है। सीपू हत्याकांड में वह फरार चल रहा है। कुंटू पर लगे गैंगेस्टर के मुकदमें में भी संग्राम वांछित है। संग्राम ने अपनी पत्नी के नाम दिलशादपुर गांव में 26 बिस्वा जमीन बैनामा कराया था। जिसे पूर्व जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी के निर्देश पर 14 अप्रैल को कुर्क कर लिया गया था। कुर्क की गई जमीन की जद में पनशब्दा निवासी प्रमोद सिंह का ईंट भट्ठा भी आया था। जिस पर उन्होंने जिलाधिकारी के समक्ष आपत्ति दाखिल किया था। इस मामले में वर्तमान जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने पुन: पैमाइश का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को तहसीलदार सगड़ी अभिषेक कुमार सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नए सिरे से संग्राम सिंह के पत्नी के नाम बैनामा जमीन की पैमाइश किया और उसे कुर्क किया। इस दौरान प्रमोद सिंह का भट्ठा कुर्क जमीन के बाहर आया गया। जिस पर तहसीलदार ने भट्ठे पर लगवाए गए बोर्ड को हटवा लिया और भट्ठा संचालन का आदेश भी जारी कर दिया। इस दौरान कोतवाल यादवेंद्र पांडेय, राजस्व निरीक्षक प्रदीप श्रीवास्तव के अलावा कई लेखपाल आदि मौजूद रहे।