आजमगढ़। वाहनों का टैक्स जमा करने में लापरवाही बरत रहे वाहन स्वामियों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 602 व्यवसायिक वाहन स्वामियों के विरुद्ध आरसी (वसूली प्रमाण-पत्र) जारी की है। जिनसे करीब नौ करोड़ रुपये वसूली की जाएगी। वहीं 1000 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी की गई है। जिनसे छह करोड़ रुपये वसूल किए जाएंगे।
परिवहन विभाग ने टैक्सों की अदायगी न करने वाले वाहन स्वामियों पर शिकंजा कसते हुए वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी है। लगभग 15 करोड़ का टैक्स दबाए बैठे ट्रक, बस, मैजिक, ऑटो आदि वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर शीघ्र टैक्स भरने को कहा है। टैक्स की यह बकाया रकम पिछले कई माह की बताई गई है। वाहन स्वामियों में खलबली है। जिले में करीब 2000 वाहन स्वामी ऐसे हैं जिन पर करीब 15 करोड़ का कर बकाया है। नोटिस के बाद भी बकाया जमा न करने पर परिवहन विभाग ने 1000 वाहन स्वामियों को 6 करोड़ का मांग पत्र जारी किया है। वहीं 602 वाहन स्वामियों को नौ करोड़ की आरसी जारी कर दी है। राजस्व न चुकाने पर वाहन जब्त किए जाऐंगें। एआरटीओ प्रशासन सतेंद्र कुमार ने बताया कि बकाया रकम को वसूल करने के लिए नोटिस जारी की गई है। यदि वाहनस्वामि समय रहते बकाया जमा नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।