फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर पिपरी गांव में शनिवार की सुबह आठ बजे बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक बालक की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बालक घर के बगल में मड़ई में बैठकर सुबह भोजन कर रहे थे। इसी बीच मड़ई में सांप निकल आया। डरकर सभी कच्चे मकान में चले गए। वहां जाने के कुछ ही देर बाद यह हादसा हो गया।
शहर कोतवाली सुल्तानपुर क्षेत्र के पाकड़पुर गोधवा गांव निवासी मिथुन बिंद (7) पुत्र वीरेंद्र की फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर पिपरी गांव में ननिहाल थी। मिथुन अपनी मां और भाई के साथ ननिहाल आया था। शनिवार की सुबह तेज बारिश हो रही थी।
मिथुन अपने बड़े भाई प्रिंस (9) और मामा नंदलाल के बेटे सुनील (12) के साथ बैठकर मड़ई में भोजन कर रहा था। इसी बीच मड़ई में सांप निकल आया। भयभीत होकर तीनों लड़के बगल में स्थित कच्चे मकान में चले गए। वहां तीनों भोजन कर ही रहे थे कि मकान की दीवार ढह गई। मिट्टी के ढेर में तीनों दब गए।
घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। गांव के लोगों ने मिट्टी हटाकर तीनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया, जहां मिथुन को मृत घोषित कर दिया गया। प्रिंस और सुनील की हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम फूलपुर और सीओ फूलपुर मौके पर पहुंचे। सीओ के निर्देश पर कोतवाल फूलपुर ने मिथुन की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने परिवार के हर संभव सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया।