‘कॉफी विद कुलपति’’ कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी। स्रोत-विवि
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष एवं सकारात्मक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ‘कॉफी विद कुलपति’ कार्यक्रम के तृतीय संस्करण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों के साथ सहज माहौल में संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता, शोध, करियर की संभावनाओं, कौशल विकास और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं पर चर्चा की।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब विद्यार्थियों की आकांक्षाओं, सुझावों और समस्याओं को समझकर उन्हें शैक्षणिक विकास की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण अपनाने, निरंतर सीखने और बदलते समय की जरूरतों के अनुसार स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक अनुभव, सुझाव और अपेक्षाएं साझा कीं। उच्च शिक्षा, शोध, रोजगारपरक कौशल और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें अपने विचार सीधे विश्वविद्यालय के शीर्ष प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में वैशाली सिंह, सूर्य प्रकाश अग्रहरि, डॉ. अंकुर चौबे और नितेश सिंह मौजूद रहे।