जहानागंज। थाना क्षेत्र के कोल्हूखोर आंबेडकर मूर्ति के पास बुधवार को दिन में तीन बजे दो बाइक आमने-सामने की टकरा गई। इस हादसे में एक बाइक सवार राजगीर की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
जहानागंज क्षेत्र के मित्तूपुर चौहान बस्ती निवासी उदय चंद्रिका चौहान (60) बुधवार को दिन में तीन बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। अभी वे कोल्हूखोर आंबेडकर मूर्ति के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में उदय चंद्रिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार गोविंद (22) व दीपक (21) निवासी कोल्हूखोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी कोल्हूखोर भेजी जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतक दो पुत्र व दो पुत्री के पिता थे। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र विनोद चौहान ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दी है।