मेंहनगर मेला में दांव-पेंच आजमाते पहलवान और लोगों की भीड़। संवाद
मेंहनगर। लखरांव पोखरे पर शरद पूर्णिमा पर लगे मेले में आयोजित दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया। दो दर्जन छोटे-बड़े पहलवानों के मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे।
दंगल का शुभारंभ थाना प्रभारी अभिराज सरोज ने हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जौनपुर के राजबहादुर यादव और आजमगढ़ के चकवारा निवासी आशीष यादव के बीच 2100 रुपये की इनामी कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। रोमांचक मुकाबले में राजबहादुर ने आशीष को पटखनी देकर जीत हासिल की। वहीं, जौनपुर के धीरज यादव और आजमगढ़ के नीबी निवासी आदित्य के बीच मुकाबला काफी देर तक चला। दर्शकों की मांग पर समय बढ़ाए जाने के बाद भी कोई पहलवान निर्णायक जीत हासिल नहीं कर सका। अंततः कुश्ती बराबरी पर छूटी। मेले के समापन पर रावण की आदमकद प्रतिमा का दहन किया गया। इस दौरान जय श्रीराम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मेले में श्रीराम-जानकी की झांकी और दूर-दराज से आए व्यापारियों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों और परिवारों ने मेले का आनंद लिया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक पूजा सरोज, चेयरमैन कौशिल्या रामबदन, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, पूर्व चेयरमैन अशोक चौहान सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।