बरसाती बूंदों से टूट गया छह लाख का मार्ग
नगरपालिका की ओर से विकास के अनेक कार्य कराए जा रहे हैं लेकिन इनके मानक की जांच करने वाला कोई नहीं है। अभी हाल ही में लाल डिग्गी बंधे से मातबरगंज वार्ड नंबर 19 तक जाने के लिए इंटरलाकिंग मार्ग बनवाया गया था लेकिन वह भी बारिश में टूट गया।
इस मार्ग का निर्माण कुछ माह पूर्व लगभग छह लाख रुपये की लागत से कराया गया था। शनिवार को हुई बारिश ने इस कार्य के गुणवत्ता की पोल खोल दी। इंटरलाकिंग उखड़ने से इस मार्ग से आवागमन खतरनाक हो गया है। वहीं, इस संबंध में नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि और अधिशासी अधिकारी नगरपालिका अलग-अलग बातें बता रहे हैं। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने इस मार्ग को बनवाने वाले ठेकेदार के बारे बताने से इंकार कर दिया।