सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता उजागर होने पर फूलपुर तहसील में एक राशन की दुकान का अनुबंध निलंबित कर दी गई है। कार्डधारकों को राशन समय से मिल सके इसके लिए नजदीकी कोटे से संबद्घ कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक अहिरौला की आख्या के अनुसार विकास खंड अहिरौला के ग्राम पंचायत दखिनगावां के उचित दर विक्रेता नंदू राम चौरसिया द्वारा पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों में जो राशन वितरण किया गया है उनसे निर्धारित मूल्य गेहूं दो रुपये व चावल तीन रुपये के स्थान पर गेहूं तीन रुपये व चावल चार रुपये की दर से वितरण किया गया है। पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों में निर्धारित मात्रा में वितरण न करके प्रति यूनिट पांच किग्रा की जगह कम खाद्यान्न वितरण किया गया है। अत्योदय कार्डधारकों में जो राशन वितरण किया गया है। उनसे निर्धारित मात्रा 35 किग्रा खाद्यान्न की जगह पर उनको दो से चार किग्रा कम खाद्यान्न दिया गया है। अत्योदय के कार्ड धारकों में निर्धारित रेट बोर्ड, सूची बोर्ड, टोल फ्री नंबर प्रदर्शित किया गया जाना नहीं पाया गया। इतना ही नहीं जांच के दौरान उनकी दुकान भी बंद मिली। दूरभाष के माध्यम से उन्हें बुलाया गया लेकिन वह मौके पर नहीं आए। काफी समय लगभग दो से तीन घंटे तक उनका इंतजार किया गया लेकिन फिर भी वह मौके पर नहीं आए। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, अहिरौला की संस्तुति के दृष्टिगत सम्यक परीक्षणोपरांत उचित दर विक्रेता नंदू राम चौरसिया की दुकान का अनुबंध निलंबित किए जाने की संस्तुति पर जिलाधिकारी ने अनुमोदन आदेश कर दिया। जिसके अनुपालन में उचित दर विक्रेता नंदू राम चौरसिया की उचित दर दुकान का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।