आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के देवकली तारन गांव में सोमवार को पैसे के लेनदेन में पशु व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने कोटेदार समेत उसके तीन पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी कोटेदार उचित दर दुकान बंद कर फरार है। इससे कार्डधारकों को राशन मिलना बंद हो गया। कार्डधारकों की शिकायत पर जिला पूर्ति विभाग ने उक्त कोटे को पास के गांव के कोटे से संबद्ध कर दिया।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव निवासी तेजवीर सिंह उर्फ ज्वाला की हत्या के आरोप में देवकली तारन गांव निवासी रमेश दुबे व उनके तीन बेटे अमित, सुरेश व बबलू नामजद हैं। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, सठियांव ने बताया कि रमेशचंद दुबे देवकली तारन गांव में कोटा चलाता है। जांच के दौरान उसकी दुकान बंद पाई गई। उसके कोटे से 66 अंत्योदय, 188 पात्र गृहस्थी समेत 253 कार्डधारक संबद्ध हैं। अक्तूबर महीने का राधन कोटेदार उठाना शुरू कर दिए हैं। कार्डधारकों के हित में रमेश दुबे के कोटे को सठियांव ब्लॉक के गोछा पंचायत के अखिलेश कुमार के कोटे से संबद्ध किया गया है। एआरओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी कोटेदार की गिरफ्तारी होने के बाद उसकी दुकान को निलंबित किया जाएगा।