तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ विकास खंड के मझौवा तालुका मुहमदपुर के पुरवा लखमी रोहुवार के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को कोटे की दूकान को लेकर खुली बैठक हुई। ग्रामीणों ने कोटे की दूकान को निरस्त करने की मांग को लेकर हंगामा करते हुए ग्राम विकास अधिकारी का घेराव किया। इस दौरान दो पक्षों में झड़प भी हुई।
बताते चलें कि कोटे की नवीन दूकान के लिए अक्टूबर 2016 से ग्रामीण मांग करते हुए कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। जब नई ग्राम सभा का गठन हो गया तो ग्रामीणों ने दुकान को निरस्त करने के लिए अधिकारियों के यहां गुहार लगाई। नौ माह बाद भी दुकान का प्रस्ताव नहीं हो सका। जिससे ग्रामीण आक्रोशित थे। सोमवार को लगभग एक बजे ग्राम विकास अधिकारी पहुंचे और खुली बैठक में उपजिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी का आदेश पढ़कर सुनाया कि नई दुकान के प्रस्ताव पर रोक एसडीएम ने लगा दिया है।
जिस पर ग्रामीण भड़क गए और हंगामा करते हुए ग्राम विकास अधिकारी को घेर लिया और हंगामा किया। ग्राम विकास अधिकारी आरके दुबे ने कहा कि जिस तरह से यहां के लोगों द्वारा कार्य किया गया, वह ठीक नहीं है। मुझे ब्लाक से खुली बैठक करने का आदेश मिला था। कोरम पूरा कर भेज दिया जाएगा। मौके पर शंभूलाल, रविंद्र पांडेय, विजय सोनकर, रामसिंगार पांडेय, अतुल पांडेय, राजेश, मनोरमा देवी, धन कुमारी, शुषमा, रागिनी मौजूद रहीं।