रानी की सराय। डीजे संचालकों की मनमानी से लोग परेशान हो रहे थे। कानफोडू और दिल दहलाने वाली आवाज ने लोगों का जीना दूभर कर दिया। लोग इसकी शिकायत पुलिस सहित अधिकारियों से कर रहे हैं। वहीं पुलिस भी शांति समिति की बैठकों में इन्हें बुलाकर तेज आवाज में डीजे न बजाने का अनुरोध कर रही है, लेकिन ये डीजे संचालक अपनी मनमानी कर रहे हैं। वर्तमान में दीपावली पर्व के संपन्न होने के बाद रानी की सराय कस्बा में विसर्जन जुलूस के दौरान जिस प्रकार बीच सड़क पर डीजे वालों ने धमाचौकड़ी की। उससे लोगों के दिल दहल गए। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बीमार और बच्चों को हुई। धार्मिक जुलूस होने के कारण पुलिस भी मौन साधे रही। देर रात तक कानफोड़ू डीजे पूरे कस्बे में बजता रहा है। क्षे़त्र के लोगों का कहना था कि इस तरह की हरकतों से हिंदू धर्म बदनाम हो रहा है। लोगों ने कहा कि पुलिस को चाहिए कि वे जुलूस के दौरान ऐसे डीजे संचालकों को चिन्हित कर कार्यक्रम के समापन के बाद उनके सारे सामान को जब्त करते हुए सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।