सरकार के नीतियों को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध विरोध करते जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। सरकार की जनविरोधी नीतियों से नाराज जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेश मौर्य और पार्टी के सदस्यों ने काली पट्टी बांध कर विरोध जताया। विरोध जताए जाने का यह कार्य एक जून से लगातार 11 बजे से तीन घंटे किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने रविवार को जारी बयान में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा के निर्देश पर किए जा रहे विरोध का सातवां दिन है। कहा कि पार्टी अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुखर है। हमारी मांगों में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों की हो रही हत्याओं और उत्पीड़न पर रोक लगाए जाने, प्राथमिकी को दर्ज कर विधिक कार्रवाई किए जाने, किसानों को उनके उत्पादन का समर्थन मूल्य दिए जाने, श्रमिकों को जीविका के लिए 15 हजार रुपये दिए जाने, नौजवानों, बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराए जाने, बिजली का बिल माफ किया जाना शामिल है। रामरुप मौर्य ने कहा कि सरकार नदियों, तालाबों की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च करती है लेकिन धरातल पर कुछ नहीं दिखाई देता है, इसकी जांच होनी चाहिए। विरोध प्रदर्शन करने वालों में राजेश मौर्य,रामरुप मौर्य, रमावती देवी, मंजू, कलावती, राजेंद्र, राकेश, सुनील, दीपचंद्र आदि शामिल रहे।