आजमगढ़। कन्नड़ साहित्यकार प्रोफेसर एमएम कालवुर्गी की निर्मम हत्या से दुखी विभिन्न संगठनों द्वारा रविवार की शाम नगर में प्रतिवाद मार्च निकाला गया। जो मौन जुलूस के रूप में रैदोपुर सिंह प्रतिमा के पास पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।
जुलूस कुंवर सिंह उद्यान से निकलकर मातबरगंज, काली चौरा, गांधी प्रतिमा होते हुए रैदोपुर तिराहे पर पहुंचकर सभा में बदल गया। सभा को संबोधित करते हुए जय प्रकाश नारायण ने कहा कि आज कथित धर्मवादी लोग ऐसे लोगों को समाप्त करने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं। लेकिन यह लोग इसमें तब तक सफल नहीं हो सकते हैं जब तक प्रोफेसर कालबुर्गी, गोविंद पानसारे और नरेंद्र दोमालकर जैसे लाखों लोग हैं। जो समाज से ऐसे तत्वों को उखाड़ फेकने के लिए तत्पर हैं। हम समाज को जागरूक कर ऐसे तत्वों के विरुद्घ हर लड़ाई के लिए तैयार हैं। इस मौके पर विजय बहादुर राय, हरिमंदिर पांडेय, रमेश मौर्या, डा. विनय सिंह यादव, विजय यादव, दुर्गा सिंह, हेमंत, कल्पनाथ यादव, अशोक राय, जितेंद्र हरि पांडेय, जमुना प्रजापति आदि उपस्थित थे।