आजमगढ़। सीओ सिटी डा. केके सरोज द्वारा अपने सरकारी नंबर से वाट्स ऐप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने से नाराज हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को उनके सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन करते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर उनकी मांगें न पूरी हुई तो एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
रविवार को अपराह्न हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता रिक्शा स्टैंड से नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइन परिसर स्थित सीओ नगर के सरकारी आवास पहुंचे। नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री अरुण सिंह साधू ने कहा कि लोक सेवक होते हुए सीओ सिटी द्वारा जिस तरह से प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी की गई है। वह एक सरकारी अधिकारी की गरिमा एवं ड्यूटी रुल के खिलाफ है। ऐसे भ्रष्ट अधिकारी को तत्काल बर्खास्त नहीं किया गया तो हिंदू संगठन आरपार की लड़ाई लडने के लिए मजबूर हो जाएंगे। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला संयोजक हरिबंश मिश्र ने कहा कि सीओ वाट्स ऐप छात्र संगठनात्मक ग्रुप में ऐसे अभद्र मैसेज भेजकर छात्रों को गुमराह कर रहे हैं। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने सीओ की बर्खास्तगी न होने पर तीन दिन बाद एसपी कार्यालय घेराव करने की चेतावनी दी है। संगठन के जिला उपाध्यक्ष विनोद सोनकर ने कहा कि ऐसे ही अधिकारी युवा छात्रों को गुमराह कर उन्हें हिंसा के लिए उकसाते हैं। ऐसे अधिकारी को तत्काल बर्खास्त किया जाए। इस अवसर पर दिनेश चौहान, हलधर दूबे, सुरेश चौहान, ज्ञानेंद चौहान, रविंद्र, शैलेंद्र, अरविंद, भोला यादव, अविनाश सैनी, अमरेश, सुरेंद्र प्रताप मौर्य आदि लोग मौजूद थे।
बता दें कि सीओ सिटी डा. केके सरोज ने अपने सरकारी नंबर से 24 जुलाई को वाट्स ऐप के जरिए ग्रुप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणियां की थी। इसकी जानकारी होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष सहजानंद राय ने सीओ से बात की तो उन्होंने खेद प्रकट किया। इसके बाद भाजपा तो इस मामले पर चुप्पी साध गई। लेकिन अन्य संगठन कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।