रानी की सराय में प्रशासन द्वारा गिवाया जाता अतिक्रमण।
- फोटो : AZAMGARH
रानी की सराय। ऐतिहासिक रानी की सराय कस्बे में सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोगों के विरोध के कारण काफी दिनों से लंबित पड़ा था। रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर गौरव कुमार और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ कस्बे में पहुंचे और पीएसी की मौजूदगी में सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे निर्माणों को हटाया।
रानी की सराय कस्बे में अक्सर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता था। जिसे देखते हुए काफी दिनों से इसके चौड़ीकरण की जरूरत महसूस की जा रही थी। जौनपुर से आजमगढ़ तक जब मार्ग का चौड़ीकरण शुरू हुआ तो निजामाबाद कस्बे में आकर चौड़ीकरण का कार्य ठप हो गया। क्योंकि कस्बे के व्यापारियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया था। कई बार कस्बे से चौड़ीकरण की राह में बाधक बन रहे निर्माणों को हटाने का प्रयास किया गया लेकिन लोगों के विरोध के कारण इस हटाया नहीं जा सका। रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ कस्बे में पहुंचे। कस्बे में भारी फोर्स के साथ अधिकारियों के पहुंचने पर लोगों में हड़कंप मच गया। अभी लोग कुछ समझते उससे पहले ही जेसीबी और पोकलेन के सहारे चौड़ीकरण की राह में बाधक बन रहे निर्माणों को तोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया। लोगों ने इसका विरोध करना शुरू किया लेकिन पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में उनकी एक नहीं चली। देर शाम तक कस्बे से बाधक बन रहे सारे निर्माणों को हटा दिया गया था। प्रशासन की इस कार्रवाई में बहुत से लोग बेघर हो गए। लोग प्रशासन से गुहार लगाते रहे लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी। बहुत से लोगों ने घरों से अपने सामान को भी नहीं हटाया था। जबकि एक दिन पूर्व ही निर्माणों तो तोड़ने की सूचना लाउडस्पीकर के माध्यम से दी गई थी। लेकिन इसके बाद भी लोग अपने सामानों को हटा नहीं सके थे।
कइयों का खत्म हुआ पूरा आशियाना
रानी की सराय। कस्बे में कुछ लोगों का आशियाना रोड से सटा हुआ था। मात्र कुछ दूरी में ही उन लोगों द्वारा दुकान बनाई गई थी और उसके ऊपर रहने के लिए आवास बनाया गया था। जिसमें वह पूरे परिवार के जीवन यापन करता था। रविवार को हुई कार्रवाई में ऐसे कई लोगों का आशियाना पूरी तरह से खत्म हो गया। उनके घर का पूरा अस्तित्व ही समाप्त हो गया। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उनकी महिलाएं और बच्चे रो रहे थे। लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं था।
रानी की सराय में लोगों ने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर निर्माण कर रहा था। एनएच के चौड़ीकरण में यह निर्माण बाधक बन रहे थे। जिन्हें हटाने की आज कार्रवाई की गई। कई दिनों से इन्हें सामान हटाने के लिए एनाउंस कराया जा रहा था। एनएच चौड़ीकरण की राह में बाधक बन रहे निर्माणों के हटने के बाद अब इसके निर्माण में तेजी आएगी और जल्द ही निर्माण को पूरा कर लिया जाएगा।
गौरव कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर।