आजमगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग ने 69 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती में जम्मू-कश्मीर के कॉलेजों से बीएड करने वाले चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति रोक दी है। जनपद में भी ऐसे दो अभ्यर्थी ऐसे हैं जिनके पास जम्मू-कश्मीर की बीएड की डिग्री है। बीएसए ने दोनों अभ्यर्थियों की रिपोर्ट निदेशालय को भेज दी है।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर पहले चरण में 31,277 चयनित अभ्यर्थियों को 16 अक्तूबर को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। जनपद आजमगढ़ में कुल 1376 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने से पहले दस्तावेजों की जांच में दो चयनित अभ्यर्थियों के पास जम्मू-कश्मीर के कॉलेजों से प्राप्त बीएड की डिग्री मिली। शासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने दोनों अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने से इंकार कर दिया। बीएसए ने बताया कि संबंधित कॉलेजों को राष्ट्रीय शिक्षक परिषद (एनटीसी) से मान्यता नहीं होने से उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही है। इस संबंध में निदेशालय को रिपोर्ट भेजी गई है। उन्होंने बताया कि 151 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनका भी अभिलेखों का सत्यापन कराया जाएगा।