आजमगढ़। प्रस्तावित अधिवक्ता संशोधन विधेयक के विरोध में बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। जुलूस निकाल कर प्रदर्शन व नारेबाजी की। न्यायालय के पूर्वी गेट पर अधिवक्ताओं ने आधा घंटा आवागमन बाधित किया।
दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के अधिवक्ताओं ने संघ के सभागार में अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अधिवक्ताओं ने एक स्वर से प्रस्तावित होने वाले विधायक का विरोध किया।
पारित प्रस्ताव के तहत अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। इसके बाद अधिवक्ता संघ भवन से बाहर निकले। संचालन संघ के सह मंत्री जितेंद्र यादव ने किया। इसी क्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में और मंत्री राम नारायण यादव के संचालन में बैठक हुई।
उधर, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता सदस्यों ने भी अपनी बैठक कर प्रस्तावित संशोधन विधेयक का विरोध किया। सर्व समस्या प्रस्ताव पारित कर पूरे दिन न्याय कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष जयप्रकाश राय और संचालन संघ के मंत्री शेषमणि तिवारी ने किया।
मेजवां में फूलपुर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन काला कानून के समान है। इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद यादव और मंत्री संजय यादव के नेतृत्व में तहसील परिसर से नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।