ठेकमा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने सोमवार मांगों का ज्ञापन सीडीपीओ मार्टीनगंज को सौंपा कार्यकर्ताओं ने ट्रैकर एप पर काम करने में आ रही समस्याओं को बताया। साथ ही सिम रिचार्ज का खर्च दिए जाने की मांग की। कहा कि पोषण ट्रैकर एप से फेस रिकॉग्निशन सिस्टम और ई केवाईसी करने में समस्या हो रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि शासन का जो निर्देश होता है उसके तहत हम लोग पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से कार्य करती चली आ रही हैं। अब पोर्टल ट्रैकर एप के बदलते वर्जन के कारण काम करने में काफी परेशानी हो रही है। फिर भी कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
कहा कि वर्तमान में पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से फेस रिकॉग्निशन सिस्टम और ई केवाईसी करने में काफी समस्या हो रही है। पूर्व में जुड़े ऐसे लाभार्थी जिनके पास अपना आधार कार्ड नहीं था।
उनके लिए विभाग द्वारा बताया गया है कि ऐसे लाभार्थी को जोड़ने के लिए परिवार की किसी भी सदस्य का आधार जोड़ दें, जिनका आधार जोड़ा गया वह व्यक्ति अपनी आजीविका चलाने के लिए बाहर है। ऐसे में ई केवाईसी नहीं हो पा रही है।
वहीं अधिकतर लाभार्थियों के मोबाइल बंद है जिससे ओटीपी नहीं मिल पा रही है। हम लोगों को रिचार्ज का पैसा भी नहीं मिलता है। इस मौके पर हेमा गुप्ता, सुनीला देवी, मनीता यादव, संगीता यादव, श्याम प्यारी, विद्योत्मा राय आदि मौजूद थे।