सगड़ी। नगर निकायों का गठन हुए साढ़े तीन साल बीत गए लेकिन अब तक कई नगर पंचायतें वार्डों को समस्याओं से निजात नहीं दिला पाईं। अजमतगढ़ नगर पंचायत के कई वार्डों की हालत ऐसी ही है कि देखने में गांव से बदतर लगता है। कहीं नाली नहीं बनी तो कहीं खड़ंजा उखड़ा हुआ है।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत अजमतगढ़ के वार्ड नंबर सात इंदिरा नगर और वार्ड नंबर 10 मछली शहर में प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई ही नहीं गईं। इसके कारण रात के समय लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि साईं बाबा मंदिर के पास लाइट लगाने की जरूरत है। जर्जर तार के कारण अक्सर लोगों के घरों की बिजली गुल रहती है। नालियों पर लगी पटिया गायब हो चुकी हैं, जिसके कारण मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। रास्तों पर लगाई गई इंटरलॉकिंग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।