सठियांव। मुबारकपुर के सठियांव में बृहस्पतिवार की रात दस बजे लाइट बनाते समय करेंट लगने से प्राइवेट लाइनमैन की मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा की मांग करते हुए लाइनमैनों ने आपूर्ति ठप कर उपकेंद्र मुबारकपुर चले गए। उनका कहना है कि सुरक्षा किट आदि मिलने के बाद ही काम शुरू होगा।
मुबारकपुर के हरैया गांव निवासी जोखू (37) पुत्र इनरदेव चौहान विद्युत उपकेंद्र मुबारकपुर में प्राइवेट लाइनमैन के तौर पर काम करता था। बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे जोखू हाइडिल के पास पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। इस दौरान करेंट लगने से उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से लाइनमैन खफा होकर सुरक्षा की मांग करते हुए लाइन ठप कर हाइडिल कालोनी में जाकर बैठ गए और अधिकारियों के आने की बात करने लगे। कर्मचारी सुरक्षा की मांग कर सुबह से लाइन ठप कर अधिकारियों का हाइडिल कालोनी में आने का इंतजार करते रहे। दूसरे दिन शुक्रवार की शाम तक व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी थी। गर्मी से लोग परेशान थे। उधर जोखू की मौत से उसके घर में कोहराम मचा है। पत्नी गंभीर रोग से ग्रसित है।