बलरामपुर/जहानागंज। जिला कारागार में छेड़खानी के मामले में निरुद्ध एक बंदी की रविवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के लाडो गांव निवासी विजेंद्र चौहान (24) डेढ़ साल पूर्व छेड़खानी मामले में गिरफ्तार हुआ था। तब से वह जिला कारागार में बंद था। जेल प्रशासन के अनुसार वह टीबी का मरीज था और उसका इलाज चल रहा था। शनिवार को हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को दिन में लगभग दो बजे उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाई व पांच बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी एक पुत्री थी, जिसकी पहले ही मौत हो चुकी है। पीएम के बाद जेल प्रशासन व पुलिस ने मृत कैदी का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।