आजमगढ़। कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे लेकर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने आशा बहु, आंगनबाड़ी, सचिव एवं ग्राम चौकीदारों को सक्रिय रहने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों से आने वाले व्यक्तियों, होम आइसोलेशन में रहने वाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूची बनाकर तत्काल संबंधित अधिकारियों से मिलकर गूगल शीट पर अपडेट करा दें। उक्त बातें शुक्रवार को जीजीआईसी में स्थित कोविड-19 इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सभागार में कोविड-19 की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिए।
उन्होने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर पालिका/नगर पंचायतों में अन्य प्रदेशों से आने वाले व्यक्तियों की सैंपलिंग, टेस्टिंग व स्कैनिंग शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि प्रत्येक गांव में एक व्यक्ति बाहर से आने वाले व्यक्तियों की सूची बनाकर अपडेट करता रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नगर पालिका/नगर पंचायतों में भी निगरानी समितियों को सक्रिय कर दिया जाए। उन्होने कहा कि स्कूलों एवं होम आइसोलेशन में रहने वालों की सूची गूगल शीट पर अपलोड करायें।
सीडीओ ने जनपदवासियों से की अपील
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने समीक्षा बैठक में समस्त जनपद वासियों से अपील की है कि सभी लोग कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करें। बहुत ही आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकलें तथा मास्क अवश्य लगायें और दो गज की दूरी बनाए रखें। उन्होने बताया कि कोविड कंट्रोल रूम में टोल फ्री नंबर 18008896734 लगाया गया है। इसके आलवा बेसिक फोन नंबर - 05462-356039, 356040, 356041, 356044 पर भी सम्पर्क कर सूचना दे सकता है। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ. वाईके राय, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, बीएसए अम्बरीष कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।