अंबारी। विकासखंड फूलपुर के भोरमऊ गांव में चुनाव जीतने के बाद प्रधान जाकिर अहमद नाैकरी करने बाहर चले गए। प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहे भाई साबिर अहमद पर विकास कार्यों में 1.77 करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगा है। अनियमितिता की शिकायत गांव के अमरजीत यादव ने डीएम से की है।
शिकायतकर्ता ने शपथ पत्र देते हुए जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि शिकायत के बाद जांच में यह पुष्ट हुआ कि ग्राम प्रधान का भाई प्रतिनिधि के रूप में काम कर रहा है। विकास खंड फूलपुर के भोरमऊ गांव निवासी अमरजीत यादव ने आरोप लगाया है कि वर्तमान प्रधान जाकिर अहमद के समस्त प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्य प्रतिनिधि के रूप में उनके भाई साबिर अहमद देखते हैं। आरोप लगाया कि साबिर अहमद द्वारा प्रधान का फर्जी हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी की जा रही है। आरोप है कि प्रधान के प्रतिनिधि की ओर से हैंडपंप मरम्मत, रिबोर के नाम पर, व्यक्तिगत शोक पिट निर्माण, स्कूल के कायाकल्प, कचरा प्रबंधन, सामुदायिक शौचालय निर्माण, स्ट्रीट लाइट और सीमेंट बेंच के नाम पर लाखों रुपये का घपला किया गया है। इतना ही नहीं प्रधान के प्रतिनिधि की ओर से मनरेगा के तहत अपने ही परिवार के कई सदस्यों के नाम पर 66 हजार रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने का भी आरोप है।
00
मामला अभी तक हमारे संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा कुछ होगा तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- राधेश्याम यादव, प्रभारी एडीओ पंचायत फूलपुर।