त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। रविवार की शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम गया और प्रत्याशी जनसंपर्क में जुट गए। दूसरे चरण में जनपद के पांच ब्लाकों की 21 जिला पंचायत और 520 क्षेत्र पंचायत सीटों के लिए मतदान होगा। कुल 799617 मतदाता वोट डालेंगे।
छिटपुट घटनाओं के बीच पहला चरण सकुशल संपंन होने पर प्रशासन ने जहां राहत की सांस ली। वहीं प्रशासन द्वारा दूसरे चरण के लिए 13 अक्टूबर को होने वाले मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन द्वारा पांच ब्लाकों बिलरियागंज, अजमतगढ़, महराजगंज, हरैया और कोयलसा में 222 संवेदनशील, 162 अति संवेदनशील और 70 अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों का चिह्नीकरण किया गया है।
वहीं अगर ब्लाक वार मतदाताओं की संख्या पर गौर करें तो बिलरियागंज में 198277, अजमतगढ़ में 167820, महराजगंज में 140736, हरैया में 151951 और कोयलसा में 140833 मतदाता हैं। इस प्रकार पांच ब्लाकों के कुल 799617 मतदाता 13 अक्टूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान के लिए प्रशासन द्वारा 522 मतदान केंद्र और 1430 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा 1430 मतदान पार्टियां लगाई गई हैं। जिसमें 1430 पीठासीन अधिकारी और 4290 मतदान अधिकारी लगाए गए हैं। मतदान में कुल 5720 कार्मिक लगाए गए हैं और 429 पार्टियों को आरक्षित रखा गया है। आरक्षित कार्मिकों की संख्या 1716 है, इस प्रकार दूसरे चरण के मतदान के लिए लगाए गए कुल कार्मिकों की संख्या 7436 है।