आजमगढ़। आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदाता मतदान करेंगे। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी का कार्य पूरा कर लिया गया है। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। जिसमें 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 18 लाख 38 हजार 930 मतदाता करेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव के आजमगढ़ सदर संसदीय सीट से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई सीट पर उप चुनाव में मतदान का कार्य बृहस्पतिवार को होना है। इस उप चुनाव में आजमगढ़ संसदीय सीट के पांच विधानसभा आजमगढ़, गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर और सुरक्षित सीट मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए कुल 8704 मतदान कार्मिक बूथों की ओर रवाना हो गए। बुधवार को श्री दुर्गा जी पीजी कालेज चंडेश्वर से सदर व मुबारकपुर विधानसभा, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से सगड़ी व गोपालपुर एवं कृषि महाविद्यालय कोटवा से मेंहनगर विधानसभा की पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। इस उपचुनाव में कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 18 लाख 38 हजार 930 मतदाता करेंगे। जिसमें पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या नौ लाख 70 हजार 935 और महिला मतदाताओं की कुल संख्या आठ लाख 67 हजार 968 है। बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके बाद पोलिंग पार्टियां अपने बूथों से एफसीआई गोदाम बेलइसा पहुंचेंगी जहां उनके ईवीएम को जमा किया जाएगा। लोकसभा आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव 23 जून को होना है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। उपचुनाव को सकुशल कराने के लिए जिला प्रशासन ने लोकसभा क्षेत्र आजमगढ़ को 15 जोन व 137 सेक्टर में बांटा गया है। ताकि किसी प्रकार की समस्या न आए। प्रत्येक विधानसभा में तीन-तीन जोन व 28 से 30 की संख्या में सेक्टर बाटे गए हैं।