मुबारकपुर थाना कस्बा निवासी एक व्यक्ति के घर पर पुलिस द्वारा देर रात तोड़फोड़ के वायरल वीडियो पर एसपी ने मंगलवार को सफाई दी। मीडिया को जारी बयान में कहा कि पुलिस ने अपराधी के खिलाफ कार्रवाई की है। रात ढाई बजे मारपीट व कहासुनी जैसे मामूली मामले में पुलिस की दबंगई को एसपी ने कहीं से भी गलत नहीं ठहराया है। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में वायरल वीडियो व पीड़ित के शिकायती पत्र के आधार पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थ। जिस पर मंगलवार को एसपी ने वीडियो बयान जारी कर पुलिस की दबंगई पर अपनी सफाई दी। एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पुलिस ने अपराधी के खिलाफ कार्रवाई की है। वादी की शिकायत पर पुलिस बल अपराधी के घर गया था। दरवाजा न खोलने पर हल्का बल प्रयोग किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी कर उनका चालान किया गया है। वहीं शिकायतकर्ता पीड़ित मो. नाजिम से जब बात की गई तो उन्होंने अपनी किसी भी तरह की गिरफ्तारी से इंकार किया। नाजिम ने बताया कि 27 की रात घर पर तोड़फोड़ के बाद पुलिस मेरे भाई को पकड़ कर ले गई थी और 151 में चालान किया था।