आजमगढ़। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि मुहर्रम का पर्व 27 जून से शुरू होकर 6 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान जिले में 1091 स्थानों पर ताजिया रखे जाएंगे और 563 स्थानों से जुलूस निकाले जाने की सूचना है। इनमें 106 स्थानों को अति संवेदनशील, 101 को सामान्य संवेदनशील और 117 को सामान्य श्रेणी में चिह्नित किया गया है।
उन्होंने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी ताजियादारों, अंजुमन कमेटियों, जुलूस आयोजकों और कर्बला समिति के पदाधिकारियों के साथ पीस कमेटी की बैठकें की जा रही हैं। जिन स्थानों पर पूर्व में विवाद हुए हैं, वहां व्यक्तियों को चिह्नित कर पाबंद किया गया है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि मुहर्रम के मद्देनजर 115 मामलों में कुल 698 लोगों पर बीएनएस की धारा 126 व 133 के तहत कार्रवाई की गई है ताकि किसी प्रकार की अशांति या अव्यवस्था न हो सके। एसएसपी ने बताया कि पांच और छह जुलाई को सबसे अधिक जुलूस निकलने की संभावना है। इसलिए इन तिथियों को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। ताजिया आयोजकों की भी अलग से कमेटियां गठित की गई हैं, ताकि प्रशासन के साथ समन्वय बना रहे और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।