अंबारी। अहरौला थाना क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव में बीते सप्ताह हुई प्रसूता की मौत के मामले में नामजद डॉक्टर दंपती की तलाश तेज हो गई है। अहरौला पुलिस ने सोमवार की सुबह माहुल कस्बे के पठान मोहल्ला स्थित आरोपी डॉ. अकबर खान और उनकी पत्नी डॉ. निकहत खान के आवास पर छापा मारा। करीब एक घंटे तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने आवास और आसपास के स्थानों की तलाशी ली। लेकिन दोनों हाथ नहीं लगे। थानाध्यक्ष अहरौला मंतोष सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल, उपनिरीक्षक नीतेश चौबे समेत करीब 50 पुलिसकर्मी सुबह लगभग साढ़े सात बजे चिकित्सक दंपती के घर पहुंचे। पुलिस ने उनके आवास के अलावा उनके भाइयों के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया और संभावित ठिकानों की जांच की। हालांकि, छापेमारी के बावजूद पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।