अवैध शराब से जुड़े लोगों की धरपकड़ के लिए छेड़े गए अभियान के तहत शुक्रवार को एसडीएम सगड़ी के नेतृत्व में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने जीयनपुर और रौनापार थाने के विभिन्न गांवों में छापेमारी की।
इस दौरान जीयनपुर के अमलोनी गांव के ज्यादातर लोग घरों में ताला बंदकर फरार हो गए, जबकि रौनापार के महुला गांव में छापेमारी के दौरान 200 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। फरार हुए आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
बता दें कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अमलोनी गांव में शायद ही कोई घर बचा हो, जो अवैध शराब का धंधा न करता हो। अवैध शराब की बिक्री के लिए यह गांव क्षेत्र में मशहूर है।
शुक्रवार की दोपहर एसडीएम सगड़ी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में सीओ सगड़ी, जिला आबकारी निरीक्षक और जीयनपुर, रौनापार, बिलरियागंज, महराजगंज, कंधरापुर थाने की फोर्स अमलोनी गांव पहुंची लेकिन शराब कारोबारियों की प्रशासनिक अमले में अच्छी पकड़ होने से शराब माफिया पहले ही सतर्क हो गए।
ज्यादातर लोग घरों में ताला बंदकर भाग गए। इस दौरान महिलाएं और बच्चे भी नहीं मिले। हालांकि तलाशी के दौरान न के बराबर शराब बरामद हुई।
इसके बाद टीम रौनापार थाने के महुला गांव निवासी शंकर निषाद, मोती निषाद के घर धमकी लेकिन यह दोनों लोग भी फरार हो गए। तलाशी में घर से करीब 200 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए।